Home / Odisha / राम नवमी पर ओडिशा में दिखा उल्लास

राम नवमी पर ओडिशा में दिखा उल्लास

  • भद्रक और संबलपुर में विशेष सुरक्षा व्यवस्था

  • राजधानी में श्रीराम मंदिर में उमड़ी भक्तों की भीड़

भुवनेश्वर/भद्रक। ओडिशा में राम नवमी का पर्व धार्मिक श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। राजधानी भुवनेश्वर समेत राज्यभर के राम मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी, जहां ‘जय श्रीराम’ के उद्घोष से वातावरण गूंज उठा।

राजधानी के राम मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ देखी गई। भक्तों ने राम चरित मानस का पाठ किया, दीप जलाकर भगवान राम से आशीर्वाद मांगा। मंदिर को दीपों और फूलों से सजाया गया था, जिससे पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा।

ओडिशा के विभिन्न जिलों में पंडालों की सजावट और भव्य धार्मिक कार्यक्रमों के साथ राम नवमी का उत्सव मनाया गया। गांवों से लेकर शहरों तक के मंदिरों में श्रद्धालु दर्शन और पूजन के लिए पहुंचे।

संबलपुर में सुबह से ही हजारों श्रद्धालुओं ने राम मंदिरों और पंडालों में पूजा-अर्चना की। दोपहर में हनुमान समन्वय समिति द्वारा एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई। यहां सुरक्षा को लेकर कड़ी व्यवस्था की गई थी।

भद्रक में भव्य झांकी 

भद्रक में श्रीराम महायज्ञ समिति और प्रशासन द्वारा विशेष तैयारियां की गई थी। दोपहर 3 बजे से नेहरू स्टेडियम से गांधी पड़िया तक एक विशाल संकीर्तन शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें जिले के विभिन्न स्थानों की 88 मनमोहक मेधा झांकियां शामिल हुईं। रात 12 बजे गांधी पड़िया में विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया जाएगा।

सुरक्षा में तैनात 27 प्लाटून पुलिस बल 

भद्रक में 27 प्लाटून पुलिस बल को तैनात किया गया है। प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जबकि शोभायात्रा के दौरान ड्रोन कैमरों से निगरानी रखी जा रही है। एक केंद्रीय नियंत्रण कक्ष से पूरी व्यवस्था पर नजर रखी जा रही है। राम नवमी के इस पर्व पर ओडिशा में सांप्रदायिक सौहार्द, संस्कृति और आस्था की अद्भुत झलक देखने को मिली।

Share this news

About desk

Check Also

मुख्यमंत्री ने केन्दुझर के लिए धान खरीद व्यवस्था का किया शुभारंभ

    कहा-धान इनपुट सहायता से किसानों का मनोबल बढ़ा     खेती के प्रति …