-
केंद्रीय मंत्री ने भाजपा स्थापना दिवस पर कार्यकर्ताओं को दी शुभकामनाएं
-
कहा- यह दिन कार्यकर्ताओं के संघर्ष, परिश्रम और तपस्या को सम्मानित करने का अवसर
रेढ़ाखोल। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने रविवार को ओडिशा के सम्बलपुर जिले के रेढ़ाखोल साहसपुर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के स्थापना दिवस के अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने आगामी 25 वर्षों तक ओडिशा के नागरिकों की सेवा करने का संकल्प लेने के लिए कार्यकर्ताओं को प्रेरित किया।
भाजपा स्थापना दिवस के मौके पर प्रधान साहसपुर में पार्टी की पदयात्रा में शामिल हुए और कार्यकर्ताओं के घरों में पार्टी ध्वज फहराया। उन्होंने इस अवसर पर राम नवमी की शुभकामनाएं भी दीं और कहा कि आज का दिन हमारे कार्यकर्ताओं के संघर्ष, परिश्रम और तपस्या को सम्मानित करने का अवसर है।
प्रधान ने कहा कि व्यक्तिगत स्वार्थों के बजाय राष्ट्र और संगठन की सेवा को जीवन का उद्देश्य बनाने वाले कार्यकर्ताओं को मेरा प्रणाम। आज यदि भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन गई है, तो यह केवल चुनावी सफलता का परिणाम नहीं, बल्कि यह कार्यकर्ताओं की समर्पण और मेहनत का ही परिणाम है।
उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता आज समाज के हर वर्ग – गरीब, किसान, महिला, युवा, और हर तबके के कल्याण में योगदान कर रहा है, ताकि हम ‘विकसित भारत’ की दिशा में आगे बढ़ सकें।
धर्मेन्द्र प्रधान ने ओडिशा में भाजपा की सरकार के आने को पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के आशीर्वाद का परिणाम बताया। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री मोहना चरण माझी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार ने पिछले 10 महीनों में सम्बलपुर सहित पूरे राज्य में कई विकासात्मक कार्य किए हैं।
भुवनेश्वर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत लाखों परिवारों को लाभ हुआ है, जिसमें माताओं-बहनों के लिए योजना और किसानों के लिए विभिन्न योजनाएं शामिल हैं।
प्रधान ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सरकार की योजनाओं को अंतिम स्तर तक पहुंचाने के लिए और अधिक मेहनत करें, ताकि लोगों को अधिकतम लाभ मिले। इस अवसर पर उन्होंने कार्यकर्ताओं से यह भी कहा कि “प्राण जाएं लेकिन वचन ना बदलें, यह जीवन का मंत्र होना चाहिए।
इस कार्यक्रम में साहसपुर पंचायत के सरपंच, और विभिन्न पंचायत समितियों के सदस्य भी मौजूद थे, जिन्हें पार्टी में स्वागत किया गया।