राउरकेला। भुवनेश्वर से राउरकेला जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस पर कुछ अज्ञात बदमाशों ने बुधवार को कालुंगा स्टेशन के पास पत्थरबाजी की। इस घटना में ट्रेन की खिड़कियों के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए, लेकिन यात्रियों को किसी तरह की चोट नहीं आई है।
सूत्रों के अनुसार, यह हमला दोपहर करीब 1 बजे हुआ। हालांकि, ट्रेन निर्धारित समय पर राउरकेला पहुंची और दोपहर 2:15 बजे वापस भुवनेश्वर के लिए रवाना हो गई।
घटना के बाद राउरकेला जीआरपी ने अज्ञात बदमाशों की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी है। रेलवे अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, क्योंकि इस तरह की घटनाएं यात्रियों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकती हैं।
पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं
यह पहली बार नहीं है जब ओडिशा में वंदे भारत एक्सप्रेस पर हमला हुआ हो। इससे पहले भी कई बार इस ट्रेन पर पथराव की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
नवंबर 2023: मेरामंडली और बूढ़ापंक स्टेशनों के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस पर पथराव किया गया था, जिससे खिड़कियों को नुकसान पहुंचा था।
जुलाई 2023: बालेश्वर में आरपीएफ ने एक नाबालिग को ट्रेन पर पत्थर फेंकते पकड़ा था। बाद में उसे सुधार गृह भेज दिया गया था।
नवंबर 2024: नुआपड़ा के पास पटरियों पर एक बड़ा पत्थर रखा गया था, जिससे संभावित दुर्घटना हो सकती थी। हालांकि, ट्रेन चालक की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि अगर वे किसी संदिग्ध गतिविधि को देखें, तो तुरंत रेलवे अधिकारियों को सूचित करें।