-
आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए घरों की मरम्मत के लिए मिलेगा मुआवजा
-
पूरी तरह से नष्ट घर पीड़ितों को अंत्योदय गृह योजना के तहत नए घर होंगे आवंटित
-
राजस्व और आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने की घोषणा
भुवनेश्वर। ओडिशा सरकार ने मयूरभंज जिले में हाल ही में कालबैसाखी के कारण हुई ओलावृष्टि से प्रभावित लोगों की सहायता के लिए राज्य आपदा प्रतिक्रिया कोष से 19.65 करोड़ रुपये (19,65,10,658) जारी किया है।
इस संबंध में राजस्व और आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने रविवार को प्रभावित इलाकों का दौरा कर राहत कार्यों का जायजा लिया था।
मंत्री पुजारी ने बांगिरिपोसी ब्लॉक के सरसपोसी, हांडा, सिलपुंजी, मानदा और महुलबरेई गांवों के साथ-साथ बिसोई ब्लॉक के मुसामारी, पुंडिडा और खडंबेड़ा गांवों का निरीक्षण किया। दौरे के दौरान, उन्होंने आश्वासन दिया कि जिनके घर आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं, उन्हें मरम्मत के लिए मुआवजा दिया जाएगा, जबकि जिनके घर पूरी तरह से नष्ट हो गए हैं, उन्हें अंत्योदय गृह योजना के तहत नए घर आवंटित किए जाएंगे।
राहत प्रयासों के तहत प्रभावित क्षेत्रों में पॉलिथीन शीट वितरित की गई हैं, और शरण स्थलों पर लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई है। मंत्री पुजारी ने राहत शिविरों में विस्थापित लोगों के साथ भोजन भी किया और अस्थायी हेलीपैड पर स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को घरों की मरम्मत के लिए वित्तीय सहायता देने के साथ ही आवश्यक वस्त्र और फर्नीचर प्रदान करने के निर्देश दिए।
इस दौरे में आवास और शहरी विकास मंत्री कृष्ण चंद्र महापात्र, वन, पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन मंत्री गणेश राम सिंह खुंटिया, स्थानीय विधायक भादव हांसदा (सरसकना), पद्म चरण हैबुरु (करंजिया), जालेन नाइक (रायरंगपुर), संजली मुर्मू (बांगिरिपोसी) और जिला कलेक्टर हेम कांता साय भी मौजूद थे।