-
महिला दिवस पर मुख्यमंत्री मोहन माझी ने दिया सौगात
भुवनेश्वर। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने महिला दिवस के अवसर पर गंजाम जिले के ब्रह्मपुर शहर में ‘सुभद्रा योजना’ की दूसरी किस्त 1 करोड़ 64 हजार महिलाओं को प्रदान की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 51वें अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर राज्य सरकार ने 9 महीनों में 1 करोड़ से अधिक माताओं को आर्थिक स्वतंत्रता प्रदान करने का मार्ग प्रशस्त किया है। महिलाओं को 2 किस्तों में 10,000 रुपये की वित्तीय सहायता मिली। उन्होंने इसे अपने कार्यकाल का सबसे संतोषजनक और गौरवशाली दिन बताया।
उन्होंने पूर्व सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि जो लोग 9 महीनों में सरकार की उपलब्धियां पूछ रहे हैं, उन्हें याद रखना चाहिए कि 24 वर्षों तक सिर्फ नारे दिए गए, जबकि हमारी सरकार ने सत्ता में आने के 24 मिनट के भीतर ‘सुभद्रा योजना’ को लागू करने का फैसला लिया और 9 महीनों में दूसरी किस्त जारी कर दी।
महिलाओं के खिलाफ हिंसा पर सख्त कार्रवाई
मुख्यमंत्री ने चेतावनी दी कि महिलाओं के खिलाफ हिंसा करने वालों के लिए सभ्य समाज में कोई जगह नहीं है। ऐसे अपराधियों की जगह सिर्फ जेल है। उन्होंने अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
गंजाम जिले को 638 करोड़ की परियोजनाएं
मुख्यमंत्री ने गंजाम जिले में 638 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया, जिसमें 493 करोड़ रुपये की आधारशिला रखी गई और 145 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन किया गया।
लखपति दीदियों में ओडिशा देश में दूसरे स्थान पर
मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘लखपति दीदी’ योजना के तहत पूरे देश में 3 करोड़ महिलाओं को लखपति बनाने का लक्ष्य रखा गया है। ओडिशा ने इस योजना में देशभर में दूसरा स्थान हासिल किया है और अब तक 5 लाख ‘लखपति दीदी’ तैयार हो चुकी हैं। सरकार का लक्ष्य 2027 तक 25 लाख ‘लखपति दीदी’ तैयार करना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं का सशक्तिकरण केवल नारा नहीं बल्कि एक वास्तविकता बन रही है। ‘सुभद्रा योजना’ महिलाओं के समग्र सशक्तिकरण का एक अभियान बन चुका है, जिससे किशोरियों से लेकर वृद्ध महिलाओं तक सभी को आत्मनिर्भर और समृद्ध बनने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री प्रभाती परिडा ने कहा कि आज “सुभद्रा योजना” 1 करोड़ से अधिक महिलाओं तक पहुँच चुकी है और राज्य सरकार इस दिशा में और अधिक काम करने के लिए प्रतिबद्ध है।
जनकल्याणकारी योजनाएं बनी सरकार की प्राथमिकता
पूर्व सरकार को गरीबों की परेशानी न समझने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने ‘मुख्यमंत्री कन्या रत्न योजना’ शुरू की है। साथ ही, लोगों की भगवान जगन्नाथ के दर्शन की आस्था को ध्यान में रखते हुए ‘श्री जगन्नाथ दर्शन योजना’ लागू की गई है।
इस कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री कनक बर्धन सिंहदेव, मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन, गोकुलानंद मल्लिक, विभूति भूषण जेना, ब्रह्मपुर सांसद प्रदीप पाणिग्राही, आस्का सांसद अनिता शुभदर्शिनी और गंजाम जिले के सभी विधायक उपस्थित थे। कार्यक्रम के दौरान महिला और बाल विकास विभाग की प्रमुख सचिव शुभा शर्मा ने स्वागत भाषण दिया और गंजाम जिला कलेक्टर श्री दिव्यज्योति परिडा ने धन्यवाद ज्ञापित किया।