-
राजकीय सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार
-
बेटे बाबूशान ने दिया मुखाग्नि
भुवनेश्वर। लीवर सिरोसिस के इलाज के लिए गुड़गांव के मेदांत अस्पताल में भर्ती प्रसिद्ध ओलिवुड अभिनेता उत्तम मोहंती का गुरुवार रात को निधन हो गया। वे 66 वर्ष के थे। उनके निधन पर गण्यमान्य लोगों ने शोक व्यक्त किया है। ओड़िया फिल्म जगत में उनके निधन से शोक व्याप्त है।
लगभग तीन सप्ताह पहले 8 फरवरी को उन्हें भुवनेश्वर के एक निजी अस्पताल से एम्बुलेंस द्वारा गुड़गांव भेजा गया था। उत्तम मोहंती ने ओड़िया सिनेमा में अपनी शानदार अभिनय क्षमता से एक अमिट छाप छोड़ी। उन्होंने 135 से अधिक ओड़िया फिल्मों और 30 बंगाली फिल्मों में अभिनय किया। इसके अलावा उन्होंने हिंदी फिल्म नया जहर में भी काम किया था।
शुक्रवार अपराह्न भुवनेश्वर के सत्यनगर श्मशान घाट पर उनके पार्थिव शरीर को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। इस अवसर पर उनके सुपुत्र बाबूशान मोहंती ने मुखाग्नि दी। शोकाकुल माहौल में अंतिम संस्कार के समय उनके परिजन, प्रशंसक और शुभेच्छु उपस्थित थे।
इससे पहले आज सुबह लगभग 11 बजे उनका पार्थिव शरीर दिल्ली से स्थानीय बिजू पटनायक अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचा। हवाई अड्डे से पार्थिव शरीर को उनके जगन्नाथ बिहार स्थित निवास स्थान ले जाया गया। जगन्नाथ बिहार स्थित उनके आवास से सत्यनगर श्मशान घाट तक ले जाया गया। ओडिशा फिल्म इंडस्ट्री और उनकी परिवारिक मित्र मंडली के सदस्य अंतिम दर्शन के लिए उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री मोहन चरण मोहंती भी दिवंगत अभिनेता के घर पहुंचे और अंतिम दर्शन के साथ श्रद्धांजलि अर्पित की।
Indo Asian Times । Hindi News Portal । इण्डो एशियन टाइम्स,। हिन्दी न्यूज । न रूकेगा, ना झुकेगा।।
