भुवनेश्वर। ओडिशा पुलिस ने पूरे राज्य में अवैध गांजा खेती को समाप्त करने के लिए एक विशेष अभियान शुरू किया है। डीजीपी योगेश बहादुर खुरानिया के निर्देशानुसार इस अभियान का उद्देश्य ओडिशा से गांजा की खेती को पूरी तरह समाप्त करना है।
ओडिशा पुलिस द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 2024-25 की इस पहल के तहत, पुलिस ने 30 दिसंबर 2024 तक 15,000 एकड़ से अधिक क्षेत्र में फैले गांजा की खेती को नष्ट कर दिया है। अवैध मादक पदार्थों की खेती के खिलाफ लड़ाई में यह एक बड़ी उपलब्धि है, जिसमें 1.77 करोड़ गांजा के पौधों को उखाड़ा गया है। इस अभियान के दौरान 350 मामले दर्ज किए गए हैं और खेती में शामिल चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
बौध जिला में सबसे बड़े पैमाने पर कार्रवाई की गई है, जहां 112 मामले दर्ज किए गए और 5,400 एकड़ से अधिक क्षेत्र में फैली गांजा की खेती नष्ट कर दी गई। इसी तरह, गजपति जिले में 34 मामले दर्ज किए गए, जिसके तहत 1,220 एकड़ से अधिक क्षेत्र में गांजा की खेती को खत्म कर दिया गया।
Indo Asian Times । Hindi News Portal । इण्डो एशियन टाइम्स,। हिन्दी न्यूज । न रूकेगा, ना झुकेगा।।
