-
ओडिशा को अग्रणी राज्य बनाने का संकल्प
भुवनेश्वर। नए साल 2025 की शुरुआत के साथ भाजपा ने ओडिशा में चुनौतियों और विकास के लक्ष्यों को लेकर अपनी रणनीति तैयार कर ली है। राज्य भाजपा अध्यक्ष मनमोहन सामल ने पार्टी की प्राथमिकताओं और योजनाओं पर प्रकाश डाला।
मनमोहन सामल ने कहा कि भाजपा का मुख्य उद्देश्य ओडिशा को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करना है। इसके लिए पार्टी के दृष्टि पत्र में उल्लिखित नीतियों को प्रभावी ढंग से लागू किया जाएगा।
सामल ने संगठन और राज्य सरकार के बीच घनिष्ठ समन्वय पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार, जहां केंद्र और राज्य दोनों में एक ही पार्टी की सरकार होती हैं, के फायदों को जनता तक पहुंचाना बेहद जरूरी है।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि मैं सभी को अंग्रेजी नववर्ष की शुभकामनाएं देता हूं। ओडिशा अवसरों की भूमि है और भाजपा कार्यकर्ता जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विजन है कि ओडिशा विकसित हो और यह विकसित भारत की दिशा में अहम भूमिका निभाए।
सामल ने आश्वासन दिया कि भाजपा ने जो वादे किए हैं, उन्हें अगले पांच वर्षों में पूरा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सरकार पहले ही सुभद्र योजना लागू कर चुकी है और अन्य कल्याणकारी योजनाओं के लिए बजट में प्रावधान किया गया है।
भाजपा संगठन का विस्तार
मनमोहन सामल ने कहा कि पार्टी संगठन को मजबूत करना एक सतत प्रक्रिया है। उन्होंने बताया कि लोगों ने भाजपा को सत्ता में आने का आशीर्वाद दिया है। अब नेताओं और कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी जाएगी कि वे नए लोगों को पार्टी से जोड़ें।
युवाओं को मिलेगा अधिक महत्व
सामल ने कहा कि 2025 में होने वाले पंचायत चुनावों में भाजपा को एकतरफा समर्थन मिलेगा। युवाओं को पार्टी में प्रमुखता दी जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि डबल इंजन सरकार के चलते हर काम प्राथमिकता के आधार पर हो रहा है।
भाजपा सरकार के सामने कई चुनौतियां और अवसर
सामल ने स्वीकार किया कि 2025 में भाजपा सरकार के सामने कई चुनौतियां हैं, लेकिन पार्टी राज्य को विकसित बनाने के अपने संकल्प को पूरा करेगी। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों और कल्याणकारी योजनाओं के जरिए भाजपा जनता का विश्वास बनाए रखेगी।
भाजपा की यह रणनीति नए साल में ओडिशा को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाने का प्रयास करेगी।
Indo Asian Times । Hindi News Portal । इण्डो एशियन टाइम्स,। हिन्दी न्यूज । न रूकेगा, ना झुकेगा।।
