-
बीमित किसानों के लिए समय सीमा केंद्र सरकार ने तीन दिन बढ़ाई
-
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री व केन्द्रीय कृषि मंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया
भुवनेश्वर। राज्य में बिन मौसम बारिश के कारण किसानों को हुए भारी नुकसान के बीच केंद्र सरकार ने बीमित किसानों को क्षतिग्रस्त फसलों की जानकारी बीमा कंपनियों को देने के लिए समय सीमा तीन दिन और बढ़ा दी है। अब किसान 1 जनवरी 2025 तक यह जानकारी प्रदान कर सकते हैं। मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी ने इस कदम के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान का धन्यवाद व्यक्त किया।
राज्य में हुई असामयिक बारिश के कारण किसानों को फसल क्षति का सामना करना पड़ा है। राज्य सरकार ने प्रभावित किसानों को सहायता प्रदान करने की योजना बनाई है। मुख्यमंत्री ने बैठकें आयोजित करने के साथ-साथ नयागढ़, गजपति और गंजाम जिलों का दौरा कर क्षति का आकलन किया है। अन्य मंत्री भी प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं।
बताया गया है कि बीमित किसानों के साथ-साथ यह सहायता उन किसानों को भी दी जाएगी, जिन्होंने बीमा नहीं कराया है। बीमित किसानों के लिए पहले 29 दिसंबर अंतिम तारीख थी। मुख्यमंत्री के निर्देश पर राज्य सरकार ने केंद्रीय कृषि और किसान सशक्तिकरण मंत्रालय से इस समय सीमा को बढ़ाने का अनुरोध किया था।
किसानों के हित को ध्यान में रखते हुए केंद्र सरकार ने अब इस समय सीमा को तीन दिन और बढ़ा दी है। किसान अब 1 जनवरी 2025 तक बीमा कंपनियों को फसल क्षति की जानकारी दे सकते हैं।
ओडिशा के किसानों के प्रति केंद्र सरकार के इस सहानुभूतिपूर्ण रवैये की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान का आभार व्यक्त किया।
Indo Asian Times । Hindi News Portal । इण्डो एशियन टाइम्स,। हिन्दी न्यूज । न रूकेगा, ना झुकेगा।।
