Home / Odisha / अक्टूबर के अंत में ओडिशा में हो सकती है भारी बारिश

अक्टूबर के अंत में ओडिशा में हो सकती है भारी बारिश

  • आईएमडी ने जारी की चक्रवाती चेतावनी

  • 20 अक्टूबर को बनेगा चक्रवाती परिसंचरण

  • 22 अक्टूबर से बारिश का पूर्वानुमान

भुवनेश्वर। अक्टूबर के अंत में ओडिशा में भारी बारिश हो सकती है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने गुरुवार को जानकारी दी कि उत्तर अंडमान सागर में 20 अक्टूबर के आसपास एक नया चक्रवाती परिसंचरण बनने की संभावना है, जो 22 अक्टूबर के आसपास बंगाल की खाड़ी के मध्य क्षेत्र में निम्न दबाव वाले क्षेत्र में तब्दील हो जाएगा।

आईएमडी के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने ओडिशा पर इसके संभावित प्रभाव के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि अक्टूबर का महीना ओडिशा के लिए चक्रवात की दृष्टि से संवेदनशील है। 20 अक्टूबर को अंडमान सागर में एक चक्रवाती परिसंचरण बनेगा, जो पश्चिम और उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ते हुए 22 अक्टूबर तक निम्न दबाव में परिवर्तित हो जाएगा। इसके बाद यह उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ेगा और 24 अक्टूबर के आसपास यह डिप्रेशन में बदल सकता है।

महापात्र ने बताया कि इसके प्रभाव से 23 से 25 अक्टूबर के बीच ओडिशा में वर्षा हो सकती है, जबकि 24 अक्टूबर को राज्य में भारी बारिश का अनुमान है।

बारिश की गतिविधियों के बारे में उन्होंने कहा कि जब भी बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव या डिप्रेशन बनता है और यह उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ता है, तब तटीय क्षेत्रों में वर्षा होती है। इसके बाद आंतरिक जिलों में भी वर्षा की संभावना रहती है। अगले सात दिनों की भविष्यवाणी की गई है, लेकिन वर्षा की सटीक जानकारी दो-तीन दिनों के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी, जब यह प्रणाली निम्न दबाव में तब्दील हो जाएगी।

महापात्र से जब ओडिशा में संभावित चक्रवात के खतरे के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि हम प्रतिदिन प्रणाली पर नजर बनाए हुए हैं। अगले सात दिनों के लिए भविष्यवाणी साझा की गई है।

इस बीच, पश्चिम-मध्य और उससे सटे बंगाल की खाड़ी में बना डिप्रेशन तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश के तटों को पार कर गया है। गुरुवार की सुबह यह कमजोर होकर एक चिह्नित निम्न दबाव क्षेत्र में तब्दील हो गया। इसका प्रभाव अगले कुछ घंटों तक दक्षिणी आंध्र प्रदेश और उत्तरी तमिलनाडु के तटीय क्षेत्रों में बना रहेगा।

ओडिशा में आज मयूरभंज, केंदुझर, बालेश्वर, भद्रक, जाजपुर, कटक, खुर्दा, पुरी, गंजाम, गजपति, रायगड़ा, कलाहांडी, कोरापुट, मालकानगिरी और नवरंगपुर जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जतायी गयी थी। इसके अलावा, 18 और 19 अक्टूबर को राज्य के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है, जिनमें पुरी, खुर्दा, कटक, नबरंगपुर, मयूरभंज, बलांगीर, और कंधमाल जैसे जिले शामिल हैं।

आईएमडी की ओर से जारी पीली चेतावनी के अनुसार, दक्षिणी और तटीय ओडिशा के कुछ हिस्सों में 23 अक्टूबर तक हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है।

Share this news

About desk

Check Also

रघुवार दास की सादगी नवीन पटनायक की राजनीति पर पड़ी भारी

लगातार व्यक्तिगत हमलों के बावजूद राज्यपाल ने दिखाई सौम्यता राज्यपाल ने नवीन पटनायक को जन्मदिन …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *