-
अब लिफ्ट इरिगेशन कार्पोरेशन के अध्यक्ष ने दिया त्यागपत्र
-
ओटीडीसी के अध्यक्ष भी भी छोड़ चुके हैं पद
भुवनेश्वर। ओडिशा में हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनाव में बीजू जनता दल की करारी हार के बाद राजनीतिक नियुक्ति वाले नेता अब धीरे-धीरे त्याग पत्र दे रहे हैं। इसी क्रम में राज्य के लिफ्ट इरिगेशन कार्पोरेशन के अध्यक्ष अमरेश पत्री ने त्यागपत्र दे दिया है। उन्होंने अपना त्यागपत्र विकास आयुक्त को भेज दिया है। इससे पहले ओटीडीसी के अध्यक्ष के पद पर कार्य कर रहे बीजद नेता तथा पार्टी के प्रवक्ता लेनिन मोहंती ने भी त्यागपत्र दे दिया था।
इन दोनों से पहले बीजद सुप्रीमो नवीन पटनायक के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद उनके प्रमुख सलाहकार सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी सुरेश चंद्र महापात्र, आर बालकृष्णन तथा त्रिपुरा के पूर्व मुख्य सचिव रहे उपेंद्र त्रिपाठी ने इस्तीफे दे दिये।
महापात्र मुख्यमंत्री कार्यालय के मुख्य सलाहकार के पद पर तैनात थे, जबकि बालकृष्णन विशेष पहल के मुख्य सलाहकार थे। त्रिपाठी त्रिपुरा के मुख्य सचिव का कार्यकाल पूरा होने के बाद ओडिशा लौट आये थे। इसके बाद उनको सीएमओ में सलाहकार पद पर तैनात किया गया था।
चुनाव में बीजद को भाजपा के हाथों हार का सामना करना पड़ा है। 147 सदस्यीय राज्य विधानसभा में भाजपा 78 सीटें जीतकर ओडिशा में सत्ता में आई है। बीजद को 51 सीटें और कांग्रेस को 14 सीटें मिली हैं।
Indo Asian Times । Hindi News Portal । इण्डो एशियन टाइम्स,। हिन्दी न्यूज । न रूकेगा, ना झुकेगा।।
