Home / Odisha / बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र, तूफानी होगा मौसम
भुवनेश्वर बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र, तूफानी होगा मौसम
बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र, तूफानी होगा मौसम

बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र, तूफानी होगा मौसम

  •  अगले 24 घंटे में डीप डिप्रेशन में तब्दील होने की संभावना

  • ओडिशा में होगी भारी से भारी बारिश

भुवनेश्वर। बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक निम्न दबाव का क्षेत्र बन गया है और इसके एक डीप डिप्रेशन में तब्दील होने की संभावना है। इसके प्रभाव में ओडिशा में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। मौसम तूफानी होगा। यह जानकारी आज यहां भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मंगलवार को दी। आईएमडी के अनुसार, बंगाल की दक्षिणपूर्वी खाड़ी और उससे सटे अंडमान और निकोबार द्वीप समूह पर कम दबाव का क्षेत्र मंगलवार सुबह 8.30 बजे भी उसी क्षेत्र में बना हुआ है। इसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने और 15 नवंबर को पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर डिप्रेशन में तब्दील होने की संभावना है। इसके बाद यह उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ेगा और 16 नवंबर को आंध्र प्रदेश तट के पास पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक गहरे दबाव में बदल सकता है। इसके बाद यह उत्तर-उत्तरपूर्व की ओर मुड़ेगा और 17 नवंबर को ओडिशा तट से उत्तरपश्चिम बंगाल की खाड़ी तक पहुंचेगा।

मौसम विभाग के अनुसार, 15 नवंबर को ओडिशा के तटीय जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश फिर से शुरू होगी और अगले दो दिनों में बारिश की तीव्रता बढ़ जाएगी और 16 नवंबर को कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश होगी।

15 नवंबर को पुरी, जगतसिंहपुर, खुर्दा, गंजाम, गजपति, रायगड़ा, कोरापुट में कुछ स्थानों पर और नवरंगपुर, मालकानगिरि, केंद्रापड़ा, भद्रक, नयागढ़, कंधमाल, कलाहांडी और कटक में एक या दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।

16 नवंबर को जगतसिंहपुर, केंद्रापड़ा, पुरी में एक या दो स्थानों के लिए भारी से बहुत भारी होने की संभावना है। इन जिलों के लिए पीली चेतावनी जारी की गई है। इसके साथ ही गंजाम, खुर्दा, भद्रक, कटक, जाजपुर, बालेश्वर, मयूरभंज, केंदुझर, ढेंकानाल, नयागढ़ जिलों में एक या दो स्थानों पर भारी वर्षा की भी संभावना है।

इसी तरह से गंजाम, पुरी, जाजपुर, केंद्रापड़ा, भद्रक, कटक, खुर्दा, नयागढ़ के अधिकांश स्थानों पर और बालेश्वर, गजपति, ढेंकानाल, मयूरभंज, केंदुझर, जाजपुर में अधिकांश स्थानों पर तथा अनुगुलू, बौध, कंधमाल, कलाहांडी और ओडिशा के शेष जिलों में एक या दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।

17 नवंबर को मयूरभंज, केंदुझर, बालेश्वर, भद्रक, जाजपुर, ढेंकानाल और केंद्रापड़ा में एक या दो स्थानों के लिए भारी वर्षा को लेकर पीली चेतावनी जारी की गई। इसके साथ ही बालेश्वर, भद्रक, मयूरभंज, जाजपुर में अधिकांश स्थानों पर और केंद्रापड़ा, केंदुझर, ढेंकानाल, जगतसिंहपुर, कटक, खुर्दा, पुरी में अधिकांश स्थानों पर और अनुगूल, सुंदरगढ़, देवगढ़ में कुछ स्थानों पर और झारसुगुड़ा, संबलपुर, गंजाम, बौध और कंधमाल जिलों में एक या दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।

मौसम कार्यालय ने कहा कि हालांकि अधिक बारिश की कोई चेतावनी नहीं है, लेकिन अगले तीन दिनों के दौरान दक्षिण तटीय जिलों सहित कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश जारी रहेगी।

तेज हवा को लेकर चेतावनी

15 नवंबर को पश्चिम मध्य और आसपास के उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी तथा ओडिशा व आसपास के उत्तरी आंध्र प्रदेश के तटों पर हवा की गति 45-55 किमी प्रति घंटे हो सकती है, जबकि झोंके की गति 65 किमी प्रति घंटे तक होने की संभावना है।

16 नवंबर को उत्तर-पश्चिम और उससे सटे पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी, ओडिशा और आसपास के उत्तरी आंध्र प्रदेश के तटों पर तूफानी मौसम होगा। हवा की गति 45-55 किमी प्रति घंटे से लेकर 65 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

तूफानी मौसम होने की संभावना

17 नवंबर को ओडिशा, पश्चिम बंगाल और आसपास के बांग्लादेश तटों पर तूफानी मौसम होने की संभावना है। हवा की गति 45-55 किमी प्रति घंटे से लेकर 65 किमी प्रति घंटे तक होगी।

18 नवंबर को उत्तर-पश्चिम और आसपास के पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और आसपास के बांग्लादेश तटों पर तूफानी मौसम होने की संभावना है। इस दिन हवा की गति 45-55 किमी प्रति घंटे से लेकर 65 किमी प्रति घंटे तक होने की संभावना है। मछुआरों को तट पर लौटने और इन तिथियों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।

Share this news

About admin

Check Also

तहसील का अनुभाग अधिकारी रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार

सतर्कता विभाग के अधिकारियों ने रिश्वत की पूरी रकम बरामद की भुवनेश्वर। ओडिशा सतर्कता विभाग …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *