नई दिल्ली। ईरान और इजराइल के बीच जारी तनावपूर्ण हालात के बीच भारत सरकार ने वहां फंसे भारतीय नागरिकों को सुरक्षित निकालने के लिए ‘ऑपरेशन सिंधु’ चलाया। इस अभियान के तहत अब तक 4,000 से अधिक भारतीयों को सुरक्षित स्वदेश लाया जा चुका है। भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने गुरूवार को जानकारी दी कि यह ऑपरेशन 18 जून को शुरू किया गया था।
जायसवाल ने बताया कि ईरान में करीब 10,000 और इजराइल में लगभग 40,000 भारतीय नागरिक मौजूद थे। इनमें से ऑपरेशन सिंधु के तहत ईरान से अब तक 3,426 भारतीय नागरिकों के साथ 11 ओसीआई (ओवरसीज सिटीजन ऑफ इंडिया) कार्डधारकों को निकाला गया है। इनके अलावा नेपाल के नौ नागरिक, कुछ श्रीलंकाई नागरिक और एक ईरानी नागरिक, जो एक भारतीय का जीवनसाथी है, को भी सुरक्षित निकाला गया।
उन्होंने बताया कि कुल 14 उड़ानें ईरान, आर्मेनिया और तुर्कमेनिस्तान से संचालित की गईं, जिनमें से अंतिम उड़ान आर्मेनिया से थी। वहीं इजराइल से भारतीयों को सुरक्षित निकालने के लिए चार विशेष उड़ानों का संचालन किया गया, जिनमें जॉर्डन और मिस्र के रास्ते कुल 818 भारतीय नागरिकों को वापस लाया गया। जायसवाल ने ऑपरेशन की सफलता के लिए ईरानी सरकार का विशेष आभार व्यक्त किया और कहा कि उन्होंने भारत के अनुरोध पर अपना हवाई क्षेत्र खोलकर इस मानवीय प्रयास को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई।
साभार – हिस
