Home / National / साहित्य अकादमी: हिंदी के लिए गौरव पांडेय को युवा, देवेन्द्र कुमार को बाल साहित्य पुरस्कार

साहित्य अकादमी: हिंदी के लिए गौरव पांडेय को युवा, देवेन्द्र कुमार को बाल साहित्य पुरस्कार

  • वर्ष 2024 के लिए युवा एवं बाल साहित्य पुरस्कारों की घोषणा

नई दिल्ली। साहित्य अकादमी ने शनिवार को वर्ष 2024 के लिए युवा और बाल साहित्य पुरस्कारों की घोषणा कर दी। इनमें 23 युवा लेखकों की पुस्तकों और 24 बाल साहित्यकारों को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। हिंदी के लिए युवा पुरस्कार गौरव पांडेय के कविता संग्रह `स्मृतियों के बीच घिरी है पृथ्वी’ को और बाल साहित्य पुरस्कार देवेन्द्र कुमार की पुस्तक `इक्यावन बाल कहानियां’ को प्रदान किया जाएगा। संस्कृत भाषा का युवा पुरस्कार बाद में घोषित किया जाएगा।

साहित्य अकादमी के सचिव डॉ. के श्रीनिवासराव ने हिन्दुस्थान समाचार को बताया कि अकादमी के अध्यक्ष माधव कौशिक की अध्यक्षता में अकादमी के कार्यकारी मंडल ने वर्ष 2024 के लिए युवा और बाल साहित्य पुरस्कारों की घोषणा की। बैठक में 23 युवा लेखकों की पुस्तकों और 24 बाल साहित्यकारों के लिए पुरस्कार अनुमोदित किए गए। इन पुस्तकों को त्रिसदस्यीय निर्णायक मंडल ने निर्धारित चयन प्रक्रिया का पालन करते हुए पुरस्कार के लिए चुना है। दोनों पुरस्कारों के लिए पुरस्कार स्वरूप एक उत्कीर्ण ताम्रफलक तथा 50 हजार रुपये की सम्मान राशि बाद में आयोजित होने वाले एक विशेष समारोह में प्रदान किए जाएंगे।
अंग्रेज़ी के लिए युवा पुरस्कार के. वैशाली की पुस्तक `होमलेस ग्रोइंग अप लेसबियन एंड डिस्लेक्सिक इन इंडिया’, पंजाबी के लिए रणधीर के कविता-संग्रह `ख़त जो लिखणो रह गए’ तथा उर्दू के लिए जावेद अंबर मिस्बाही के कहानी-संग्रह `स्टेपनी’ को युवा साहित्य पुरस्कार से पुरस्कृत किया जाएगा। वहीं अंग्रेज़ी में बाल साहित्य के लिए नंदिनी सेनगुप्ता की पुस्तक `द ब्लू हॉर्स एंड अदर अमेज़िंग एनिमल्स स्टोरीज़ फ्रॉम इंडियन हिस्ट्री’, पंजाबी के लिए कुलदीप सिंह दीप के नाटक `मैं जलियांवाला बाग बोलदा हां’ एवं उर्दू के लिए शम्सुल इस्लाम फ़ारूक़ी के कहानी संग्रह `बर्फ़ का देस अंटार्कटिका’ को पुरस्कृत किया जाएगा।

युवा पुरस्कार प्राप्त अन्य लेखक-
असमिया- नयनज्योति शर्मा, जाल कोटा जुई (कहानी-संग्रह)।

बांग्ला- सुतपा चक्रवर्ती, देराजे हालुद फुल, गताजन्मा (कविता-संग्रह)।

गुजराती- रिंकु राठोड़ ‘शर्वरी’, ….तो तमे राजी (कविता-संग्रह)।

मराठी- देवीदास सौदागर, उसवण (उपन्यास)।

नेपाली- सूरज चापागाईं, क्यानभासको क्षितिज (कविता-संग्रह)।

ओडिया- संजय पांडा, हु बाइआ (कहानी-संग्रह)।

कन्नड- श्रुति बी. आर., ज़ीरो बैलेंस (कविता-संग्रह)।

मलयालम- श्यामकृष्णन आर., मीशाक्कल्लन (कहानी-संग्रह)।

तमिल- लोकेश रघुरामन, विष्णु वंधार (कहानी-संग्रह)।

तेलुगु- रमेश कार्तिक नायक, धावलो (कहानी-संग्रह)।

बोडो- सेल्फ् मेइड राणी बर’ साइख्लुम (कहानी-संग्रह)।

डोगरी- हीना चौधरी, इक रंग तेरे रंगें चा (कविता-संग्रह)।

कश्मीरी- मो. अशरफ़ ज़िया, ऐन बदस (समालोचना एवं शोधलेख)।

कोंकणी- अद्वैत चंद्रकांत सालगांवकार, पेडण्याचा सामारां (निबंध-संग्रह)।

मैथिली- रिंकी झा ऋषिका, नदी घाटी सभ्यता (कविता-संग्रह)।

मणिपुरी- वाइखोम चिंगखेइंगनबा, अशिबा तूरेल (कविता-संग्रह)।

राजस्थानी- सोनाली सुथार, सुध सोधूं जग आंगणै (कविता-संग्रह)।

संथाली- अंजन करमाकर, जंगबहा (कविता-संग्रह)।

सिंधी- गीता प्रदीप रुपाणी, पेपर पर्या (लेख-संग्रह)।

बाल साहित्य पुरस्कार पाने वाले अन्य लेखक-

संस्कृत- हर्षदेव माधव, बुभुक्षित: काक: (कहानी-संग्रह)।
असमिया- रंजू हजारिका,बिपोन्ना बिस्मोई खेल (उपन्यास)।

बांगाल- दीपन्विता रॉय, महिदादुर एनटिडोट (उपन्यास)।

गुजराती- गिरा पिनाकीन भट्ट, हसती हवेली (कहानी-संग्रह)।

मराठी- भारत सासणे, समशेर आणि भूतबंगला (उपन्यास)।

नेपाली- वसन्त थापा, देश र फुच्चे(कविता-संग्रह)।

ओडिया- मानस रंजन सामल, गप कलिका (कहानी-संग्रह)।

कन्नड- कृष्णमूर्ति बिलिगेरे, छूमंत्राय्यना कथेगळु (कहानी-संग्रह)।

तमिल- युमा वासुकि, थानवियिन पिरान्थनाल (कहानी-संग्रह)।

तेलुगु- पी. चन्द्रशेखर आज़ाद, माया लोकम् (उपन्यास)।

मलयालम- उन्नी अम्मायंबलम, अल्गोरिथांगाळुडे नाडु (उपन्यास)।

बोडो- भार्जिन जेक’भा मोसाहारी, बुहुमा बयनिबो (कविता-संग्रह)।

डोगरी- बिशन सिंह ‘दर्दी’, कुक्कडू-कडूं (कविता-संग्रह)।
कश्मीरी- मुज़फ़्फ़र हुसैन दिलबर, सोन् गोब्रेयो (कविता-संग्रह)।
कोंकणी- हर्षा सद्गुरू शेटये, एक आशिल्लें बायूल (उपन्यास)।
मैथिली- नारायणजी, अनार (कहानी-संग्रह)।
मणिपुरी- क्षेत्रीमायुम सुबदानि, मालेम अतिया (उपन्यास)।
राजस्थानी- प्रहलाद सिंह ‘झोरड़ा’, म्हारी ढाणी (कविता-संग्रह)।
संथाली- दुगई टुडू, मिरु आरंग (कविता-संग्रह)।
सिंधी- लाल होटचंदाणी ‘लाचार’, दोस्तां जी दोस्ती (कहानी-संग्रह)।
साभार – हिस

Share this news

About desk

Check Also

केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार को आएंगे गुजरात

अहमदाबाद, लोकसभा चुनाव में जीत के बाद केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह पहली बार शुक्रवार …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *