नई दिल्ली, राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द और उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे के निधन पर दुख जताते हुए दोनों देशों के संबंधों को मजबूत करने में उनके योगदान को याद किया है।
राष्ट्रपति ने ट्वीट संदेश में कहा कि विश्वास करना मुश्किल है कि शिंजो आबे नहीं रहे। वह एक महान राजनेता थे और अपने मिलनसार व्यवहार के चलते उन्हें दुनियाभर में पसंद किया जाता था। वह एक हत्यारे की गोली का शिकार हुये यह पूरी मानवता के लिए एक त्रासदी है।
उपराष्ट्रपति नायडू ने ट्वीट संदेश में कहा, “जापान के पूर्व प्रधानमंत्री श्री शिंजो आबे के निधन से दुखी हूं। श्री आबे ने भारत-जापान संबंधों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके परिवार के सदस्यों और जापान के लोगों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है।”
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने आबे के निधन पर कहा कि वे इस खबर से दुखी हैं। एक वरिष्ठ राजनेता और लोकप्रिय नेता आबे को भारत-जापान संबंधों के स्तंभ के रूप में याद किया जाएगा। उनके परिवार और दुनिया भर में उनके प्रशंसकों के प्रति हार्दिक संवेदना।
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि जापान के पूर्व प्रधान मंत्री और भारत के मित्र शिंजो आबे की हत्या के बारे में जानकर दुख हुआ है। भारत-जापान संबंधों को मजबूत करने के उनके प्रयास हमेशा हमारी यादों में रहेंगे।
वहीं विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा कि आज का दिन जापान, भारत, दुनिया और उनके लिए व्यक्तिगत रूप से एक दुखद दिन है। उनकी शिंजो आबे से जुड़ी 25 वर्षों की यादें हैं। उन्हें व्यक्त करने के लिए उनके पास शब्द नहीं हैं।
साभार -हिस
Indo Asian Times । Hindi News Portal । इण्डो एशियन टाइम्स,। हिन्दी न्यूज । न रूकेगा, ना झुकेगा।।
