-
सीमावर्ती भारतीय शहर रक्सौल में भी आम लोगों को सतर्क किया गया
काठमांडू। भारतीय सीमावर्ती शहर वीरगंज में हैजा का संक्रमण फैल गया है। पिछले 24 घंटे में हैजा संक्रमण से कम से कम तीन लोगों के मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि सैकड़ों लोग अस्पताल में भर्ती कराए गए हैं। गेटवे ऑफ नेपाल के नाम से मशहूर वीरगंज में हैजा का संक्रमण फैलने के कारण अस्पतालों में मरीजों की संख्या रविवार को बेतहाशा वृद्धि हुई है।
वीरगंज के मेयर राजेशमान सिंह ने पुष्टि की है कि अब तक इस बीमारी से तीन लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि पिछले 12 घंटे में 200 से अधिक मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वीरगंज से सांसद तथा संघीय सरकार में पेयजल मंत्री प्रदीप यादव ने रविवार को संक्रमित क्षेत्र का दौरा किया। उन्होंने बताया कि वो एक स्वास्थ्य टोली के साथ यहां आए हैं, ताकि पानी के नमूनों का संकलन कर पता लगा सके कि हैजा फैलने का स्रोत कहीं पानी तो नहीं है। उन्होंने बीरगंज के सभी अस्पतालों का दौरा करके हैजा से संक्रमित मरीजों से मुलाकात की।
स्वास्थ्य अधिकारियों ने बीरगंज के आसपास के क्षेत्र तथा सीमावर्ती भारतीय शहर रक्सौल में भी आम लोगों को सतर्क कर दिया है और अस्पतालों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। वीरगंज के केंद्रीय अस्पताल के चिकित्सक डॉ. नीरज सिंह ने कहा कि मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए यहां बेड की कमी हो रही है।
स्वास्थ्य मंत्री प्रदीप पौडेल भी रविवार की देर शाम वीरगंज पहुंचे और वहां की हालात का जायजा लिया। उन्होंने बीरगंज के सभी सरकारी अस्पतालों के डॉक्टरों, नर्स और अन्य कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द करने और निजी अस्पतालों को भी स्टैंड बाय पर रहने का निर्देश दिया है।
साभार – हिस